66 नगरों में एडीबी की मदद से चल रही हैं जल-प्रदाय योजना
भोपाल
नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग आयुक्त और मध्यप्रदेश अर्बन डेव्हलपमेंट कम्पनी के प्रबंध संचालक श्री संकेत भोंडवे से शुक्रवार को भोपाल के शिवाजी नगर स्थित पालिका भवन में एशियन डेव्हलपमेंट बैंक (एडीबी) के प्रतिनिधि मण्डल ने सौजन्य मुलाकात की। प्रतिनिधि मण्डल का नेतृत्व एडीबी के वरिष्ठ परियोजना अधिकारी श्री विवेक विशाल ने किया।
बैठक के दौरान आयुक्त श्री भोंडवे ने प्रतिनिधियों को जानकारी दी कि परियोजना की ऑनलाइन मॉनीटरिंग के लिये नवाचारों का उपयोग किया जा रहा है। इस दिशा में भास्कराचार्य राष्ट्रीय अंतरिक्ष अनुप्रयोग एवं भू-सूचना विज्ञान संस्थान (BISAG-N) का तकनीकी सहयोग लिया जा रहा है। इसके साथ ही निर्माण कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिये आईआईटी रुढ़की जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों से विशेषज्ञ सलाह ली जा रही है। प्रदेश में एडीबी की आर्थिक मदद से प्रदेश के 66 नगरों में जल-प्रदाय, 2 नगरों में एकीकृत नगर विकास की परियोजना और 5 नगरों में सीवरेज परियोजनाओं पर कार्य किया जा रहा है।
आयुक्त श्री भोंडवे ने प्रतिनिधि मण्डल को आश्वस्त किया कि एडीबी की मदद से निर्माणाधीन परियोजनाओं को निर्धारित समय-सीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा किया जायेगा। एडीबी प्रतिनिधि मण्डल ने मध्यप्रदेश में संचालित परियोजना की प्रगति पर संतोष व्यक्त किया। उन्होंने अर्बन डेव्हलपमेंट कम्पनी द्वारा अपनायी जा रही तकनीकी दक्षताओं की सराहना की। इस अवसर पर कम्पनी के प्रमुख अभियंता श्री आनंद सिंह और परियोजना अधिकारी श्री शैलेन्द्र गुप्ता ने कार्य की प्रगति के बारे में जानकारी दी।