लोक निर्माण मंत्री श्री राकेश सिंह के मुख्य आतिथ्य में आज होटल समदडि़या में अजित वर्मा स्मृति पत्रकारिता पुरस्कार समारोह संपन्न हुआ।
जबलपुर
कार्यक्रम जयलोक व मित्रसंघ द्वारा आयोजित किया गया था, जिसमें यश भारत के निदेशक श्री आशीष शुक्ला और हरिभूमि के ब्यूरो चीफ श्री संजय साहू को अजित वर्मा स्मृति पत्रकारिता पुरस्कार प्रदान किया गया। इस अवसर पर मंत्री श्री सिंह ने इस गरिमामय आयोजन में पुरस्कार प्राप्त करने वाले श्री शुक्ला और श्री साहू को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि पीढ़ी बदलती जायेगी, समय बदलता जायेगा लेकिन अजित वर्मा के उल्लेखनीय कार्य धुंधले नहीं होंगे। उन्होंने कहा कि अजित वर्मा से उन्हें बहुत कुछ सीखने को मिला है, वह शहर की नब्ज को जानते थे। शहर की नकारात्मकता को दूर करने के लिए उन्होंने प्रयास किया और वीरांगना रानी दुर्गावती की स्मृतियों को आम जन तक पहुंचाने का कार्य किया। उन्होंने कहा कि पूर्वजों को अपनी स्मृति में बनाये रखना बड़ा कठिन होता है। लेकिन उनके सुपुत्र श्री पारितोष वर्मा उनकी स्मृतियों को जीवंत करने का एक सराहनीय कार्य कर रहें है। कार्यक्रम के दौरान अतिथियों द्वारा अजित वर्मा की स्मारिका का विमोचन भी किया। इस दौरान स्वामी सुबुद्धानंद, महापौर श्री जगत बहादुर सिंह अन्नू, विधायक श्री अजय विश्नोई, नगर भाजपा अध्यक्ष श्री रत्नेश सोनकर, पूर्व विधायक श्री विनय सक्सेना, डॉ. राजेश धीरावाणी, वरिष्ठ पत्रकार श्री सच्चिदानंद शेकटकर सहित शहर के गणमान्य पत्रकार व नागरिक मौजूद थे। वहीं कलेक्टर श्री राघवेन्द्र सिंह और पुलिस अधीक्षक श्री संपत उपाध्याय भी कार्यक्रम में उपस्थित थे।




