जिले में अवैध खनिज उत्खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ प्रशासन ने एक बार फिर कड़ा रुख अपनाया है।
जबलपुर
कलेक्टर श्री राघवेंद्र सिंह के स्पष्ट निर्देशों के तहत शुक्रवार को खनिज, राजस्व एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने मानेगांव एवं उससे संलग्न क्षेत्रों में औचक निरीक्षण कर बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। इस दौरान एम-सैंड और गिट्टी का बिना वैध पारपत्र एवं क्षमता से अधिक ओवरलोड परिवहन करते पाए जाने पर तीन हाईवा वाहनों को मौके से जप्त किया गया।
यह कार्रवाई तहसीलदार जबलपुर श्री रविन्द्र पटेल के नेतृत्व में की गई। जप्त किए गए तीनों हाईवा वाहनों को सुरक्षात्मक दृष्टि से थाना बरगी परिसर में खड़ा कराया गया है। प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार प्रारंभिक जांच में वाहन खनिज परिवहन के निर्धारित नियमों का खुलेआम उल्लंघन करते पाए गए, जिससे शासन को राजस्व हानि के साथ-साथ सड़क सुरक्षा को भी गंभीर खतरा उत्पन्न हो रहा था।
कार्रवाई के दौरान स्थिति उस समय तनावपूर्ण हो गई जब जप्त किए गए हाईवा वाहनों को बरगी थाना ले जाया जा रहा था। जबलपुर–नागपुर मार्ग पर टोल नाके के समीप रोहित जैन एवं उनके साथियों द्वारा वाहनों को रोककर कार्रवाई में व्यवधान डालने का प्रयास किया गया। हालात की गंभीरता को देखते हुए तत्काल अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया, जिसके बाद वाहनों को सुरक्षित रूप से थाना बरगी पहुंचाया गया।
तहसीलदार श्री रविन्द्र पटेल ने बताया कि शासकीय कार्य में बाधा डालने की इस घटना को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के लिए थाना प्रभारी बरगी को विधिवत अभ्यावेदन सौंपा गया है। प्रशासन ने स्पष्ट संकेत दिए हैं कि कानून के हाथ मजबूत हैं और कार्रवाई में बाधा डालने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।
इस संयुक्त कार्रवाई में खनिज निरीक्षक श्री विवेकानंद यादव, थाना प्रभारी बरगी तथा डीएसपी श्री हेमंत कुमार सहित खनिज, राजस्व और पुलिस विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी सक्रिय रूप से शामिल रहे।
प्रशासन का दो टूक संदेश है कि जिले में अवैध खनिज कारोबार किसी भी कीमत पर नहीं चलने दिया जाएगा और ऐसी कार्रवाइयाँ आगे भी निरंतर जारी रहेंगी।




