कलेक्टर आशीष तिवारी के सख्त निर्देश पर बहोरीबंद तहसील के ग्राम पड़रेही में अवैध खनिज उत्खनन व परिवहन के खिलाफ बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई की गई।
बहोरीबंद
सोमवार को संयुक्त टीम ने मौके से 4 डंपर-ट्रिपर जब्त कर उन्हें बहोरीबंद थाना परिसर में खड़ा कराया, वहीं एक पोकलेन मशीन को भी जब्त कर सुपुर्दगी में सौंपा गया।
यह कार्रवाई कलेक्टर तिवारी की अध्यक्षता में हाल ही में हुई जिला टास्क फोर्स समिति की बैठक के बाद हुई, जिसमें राजस्व, पुलिस और खनिज विभाग को संयुक्त अभियान चलाने के स्पष्ट निर्देश दिए गए थे। कार्रवाई के दौरान एसडीएम बहोरीबंद राकेश कुमार चौरसिया एसडीओपी आकांक्षा चतुर्वेदी नायब तहसीलदार आकाशदीप नामदेव सहायक खनिज अधिकारी पवन कुशवाहा खनिज निरीक्षक कमलकांत परस्ते सहित पुलिस बल मौजूद रहा।
उपसंचालक खनिज रत्नेश दीक्षित ने बताया कि ग्राम पड़रेही में लेटराइट व बॉक्साइट खदान स्वीकृत होने के बावजूद खदान संचालक के पास मध्यप्रदेश प्रदूषण नियंत्रण मंडल की अनुमति नहीं थी। अनुमति के अभाव में ट्रांजिट पास जारी नहीं हो पाए जिसके चलते खनिज परिवहन अवैध पाया गया और सभी संबंधित वाहनों को जब्त किया गया। प्रशासन ने साफ किया कि अवैध खनन पर जीरो टॉलरेंस नीति के तहत आगे भी कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।




