पीसीसी अध्यक्ष जीतू पटवारी की सहमति से हुई नियुक्ति; कांग्रेस जनों ने जताई खुशी
कटनी:
मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी में संगठन विस्तार और मजबूती की कवायद तेज हो गई है। इसी क्रम में प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी के निर्देशानुसार और संगठन प्रभारी महासचिव डॉ. संजय कामले की सहमति से सद्भावना एवं कौमी एकता प्रकोष्ठ के नवनियुक्त जिलाध्यक्षों की घोषणा कर दी गई है। कटनी जिले में अब्दुल कादिर (मुन्ना भाई) को एक बड़ी जिम्मेदारी सौंपते हुए कटनी ग्रामीण का जिलाध्यक्ष नियुक्त किया गया है।
प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष सच सलूजा द्वारा प्रस्तुत जिलाध्यक्षों की सूची को शीर्ष नेतृत्व ने अनुमोदित कर दिया है। कटनी ग्रामीण में अब्दुल कादिर की नियुक्ति पूर्व विधायक एवं जिला कांग्रेस ग्रामीण अध्यक्ष सौरभ सिंह तथा जिले के वरिष्ठ कांग्रेस जनों की अनुशंसा और अनुमोदन के उपरांत की गई है।
अब्दुल कादिर (मुन्ना भाई) की नियुक्ति को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है। माना जा रहा है कि उनके नेतृत्व में संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूती मिलेगी और क्षेत्र में आपसी भाईचारे, सद्भावना व कौमी एकता के संदेश को और अधिक प्रभावी ढंग से प्रसारित किया जा सकेगा।
नवनियुक्त जिलाध्यक्ष अब्दुल कादिर को नियुक्ति की सूचना मिलते ही जिले के समस्त कांग्रेस पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और उनके समर्थकों ने शुभकामनाएं दी हैं। हाजी अब्दुल कादिर ने इस जिम्मेदारी के लिए प्रदेश नेतृत्व और पूर्व विधायक सौरभ सिंह का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे संगठन की उम्मीदों पर खरा उतरने का पूरा प्रयास करेंगे।
ब्यूरो रिपोर्ट: मझौली दर्पण न्यूज़




