फेसबुक लाइव पर दी गई सामाजिक सुरक्षा पेंशन एवं सामाजिक सुरक्षा बीमा योजनाओं की विस्तृत जानकारी.
जबलपुर
शासन द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं पर आम नागरिकों से सीधे संवाद कर उनकी कठिनाईयों का निराकरण करने कलेक्टर राघवेंद्र सिंह की पहल पर शुरू की गई फेसबुक लाइव की श्रृंखला का चौथा कार्यक्रम आज बुधवार को सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं एवं सामाजिक सुरक्षा बीमा योजनाओं आयोजित किया गया।
कलेक्टर जबलपुर फेसबुक पेज पर करीब 45 तक चले इस लाइव सत्र के दौरान प्रभारी संयुक्त संचालक सामाजिक न्याय आशीष दीक्षित ने सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं की जानकारी दी, वहीं लीड बैंक मैनेजर दिवाकर ठाकुर ने प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति योजना एवं अटल पेंशन योजना पर विस्तार से प्रकाश डाला। इस दौरान कमेंट्स के जरिये नागरिकों द्वारा किये गये प्रश्नों का जबाब भी इन अधिकारियों ने दिया और उनकी कठिनाइयों का निराकरण भी किया।
फेसबुक लाइव पर लीड बैंक मैनेजर दिवाकर ठाकुर ने बताया कलेक्टर राघवेंद्र सिंह के निर्देश पर जिले में 8 जनवरी से 8 फरवरी तक बैंकों के माध्यम से ऐसे सभी पात्र खाताधारकों का प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना एवं अटल पेंशन योजना का सुरक्षा कवच उपलब्ध कराने विशेष अभियान चलाया जायेगा, जो अभी तक केंद्र शासन द्वारा संचालित इन सामाजिक सुरक्षा बीमा योजनाओं से वंचित हैं।
लीड बैंक मैनेजर ने जानकारी दी कि प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना के अंतर्गत मात्र 20 रुपये के वार्षिक प्रीमियम पर 2 लाख रुपये का दुर्घटना बीमा कवर उपलब्ध है, जो किसी भी बैंक या पोस्ट ऑफिस के माध्यम से प्राप्त किया जा सकता है। इसी प्रकार प्रधानमंत्री जीवन ज्योति योजना में किसी भी कारण से बीमा धारक की मृत्यु होने पर नामित व्यक्ति को दो लाख रुपये की बीमा राशि मिलती है। प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना मात्र 436 रुपये की वार्षिक प्रीमियम पर उपलब्ध है। लीड बैंक मैनेजर ने बताया कि यदि कोई व्यक्ति कोइन दोनों बीमा योजनाओं में सुरक्षा कवच प्राप्त है तो अनहोनी की स्थिति में उसके द्वारा नामित व्यक्ति एक साथ दोनों बीमा योजनाओं की दावा राशि प्राप्त करने का हकदार होगा।
प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना एवं प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना के अतिरिक्त अटल पेंशन योजना की जानकारी भी दी गई। बताया गया कि 18 से 40 वर्ष के व्यक्ति अटल पेंशन योजना से जुड़कर 60 वर्ष की आयु के बाद अपने लिए 1 हजार से 5 हजार रुपये तक की मासिक पेंशन सुनिश्चित कर सकते हैं।




