कलेक्टर श्री राघवेंद्र सिंह की अध्यक्षता में आज लंबित पत्रों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
जबलपुर
इस बैठक में कलेक्टर-कमिश्नर कॉन्फ्रेंस के लिए चिन्हित विषयों में प्रगति पर विस्तार से चर्चा कर विभिन्न विभागों को प्राप्त आवेदनों के निराकरण की प्रगति की समीक्षा की गई।
उन्होंने डॉ. भीमराव अम्बेडकर कामधेनु योजना, प्रधानमंत्री मानधन योजना, स्वरोजगार योजनाएं, एकल नल-जल योजनाओं के क्रियान्वयन, सड़क पुनर्निर्माण की गुणवत्ता, ग्रामीण विकास एवं जनजातीय कार्य, सभी पात्र व्यक्तियों की केसीसी, स्कूली बच्चों की समग्र आईडी बनाने, नवीन शैक्षणिक सत्र में नामांकन में वृद्धि एवं ड्रॉपआउट बच्चों में कमी लाने की कार्ययोजना के संबंध में विस्तार से चर्चा कर आवश्यक निर्देश दिये। इसके साथ ही छात्रावासों में छात्र संसद का गठन, सांदीपनि विद्यालयों में समीपस्थ स्कूलों को मर्ज करने व सांदीपनि विद्यालयों में बसों की स्थिति, नि:शुल्क पुस्तक वितरण व उनकी एंट्री, पोषण आहार व स्वास्थ्य की मॉनिटरिंग, एएनसी पंजीयन, मातृ वंदना योजना, बालिका शौचालय, रोजगार, उद्योग एवं निवेश, राजस्व प्रकरणों का समय सीमा में निराकरण करने व सड़क सुरक्षा के संबंध में आवश्यक निर्देश दिये। कलेक्टर श्री सिंह ने एट्रोसिटी एक्ट अंतर्गत राहत वितरण तथा सीएम हेल्पलाईन की समीक्षा भी की।
उन्होंने कहा कि प्राप्त आवेदनों का निराकरण समय सीमा में करना सुनिश्चित कर आपेक्षित प्रगति लाएं। कलेक्टर श्री सिंह ने कहा कि आंगनवाड़ी, छात्रावास, अस्पताल और शासकीय कार्यालयों में स्थित पानी की टंकियों की साफ-सफाई कराएं और टंकियों पर आखिरी सफाई की तारीख भी अंकित करें। उन्होंने शासन द्वारा संधारित कराने के लिए मंदिरों के संबंध में भी आवश्यक जानकारी ली और मंदिर के भूमि के उपयोग के संबंध में आवश्यक निर्देश दिये। कलेक्टर श्री सिंह ने सीएमएचओ से कहा कि जो लोग गरीबी रेखा की श्रेणी में आते हैं और जिन्हें कृत्रिम दांत की आवश्यकता है, उनके डेटा एकत्रित कर कृत्रिम दांत लगवाना सुनिश्चित करें। किसानों को पांच रूपये में मिलने वाले विद्युत कनेक्शन के संबंध में भी चर्चा कर संबंधित अधिकारियों को इस दिशा में आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिये। बैठक में सीईओ जिला पंचायत श्री अभिषेक गहलोत, अपर कलेक्टर श्री नाथूराम गोंड सहित सभी जिला अधिकारी मौजूद थे।




