पाटन के ग्राम भुवारा में प्राकृतिक खेती आधारित क्षमता विकास प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन
जबलपुर, 16 सितम्बर 2022
उपसंचालक कृषि सह परियोजना संचालक आत्मा डॉ. एसके निगम के निर्देशानुसार आयोजित इस प्रशिक्षण में उप परियोजना संचालक आत्मा यू.के. कटहरे, अनुविभागीय कृषि अधिकारी पाटन डॉ. इन्दिरा त्रिपाठी, वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी श्रीकांत यादव, विकासखंड तकनीकी प्रबंधक आत्मा पुष्पेंद्र गौतम, ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी एम.एस. ठाकुर उपस्थिति थे।
प्रशिक्षण में उपस्थित उप परियोजना संचालक आत्मा यू.के. कटहरे द्वारा प्राकृतिक खेती के आधारभूत स्तंभ जैसे बीजामृत, जीवामृत, घन जीवामृत के बारे में विस्तार में चर्चा की गई। डॉ. इन्दिरा त्रिपाठी द्वारा प्राकृतिक खेती के महत्ता पर प्रकाश डाला गया। वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी श्रीकांत यादव द्वारा नीमास्त्र, ब्रह्मास्त्र, अग्नियास्त्र आदि के बारे में किसानों को बताया कि इनका उपयोग कब करना चाहिये। विकासखंड तकनीकी प्रबंधक आत्मा पुष्पेंद्र गौतम ने प्राकृतिक खेती में अच्छादन व विभिन्न घटकों को किसानो को बताया। ग्राम भुवारा के कृषक केशरी सिंह द्वारा अपने खेत में बनाई गई प्राकृतिक खेती के विभिन्न घटकों के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। अनुविभागीय कृषि अधिकारी डॉ. इन्दिरा त्रिपाठी ने किसानों से अनुरोध किया कि इस बार भुवारा गांव के कृषक इस रबी सीजन में प्राकृतिक खेती करके रासायनिक खेती से तुलनात्मक अध्ययन करके उत्पादन को देखें। इस अवसर पर ग्राम भुवारा के सभी किसानों को प्राकृतिक खेती करने के लिया प्रतिज्ञा भी दिलवाई गई।