कलेक्टर एवं निर्वाचन अधिकारी श्री दीपक सक्सेना के मुख्य आतिथ्य में आज 15वीं राष्ट्रीय मतदाता दिवस का आयोजन कल्चरल स्टेट स्थित संस्कृति थिएटर में किया गया।
जबलपुर
कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि पुलिस अधीक्षक श्री संपत उपाध्याय थे। इस अवसर पर कलेक्टर श्री सक्सेना ने कहा कि आज का दिन लोकतंत्र के लिए महत्वपूर्ण दिन है। अब लोकतंत्र नए जमाने का धर्म है। लोकतंत्र में परिपक्वता धीरे-धीरे चरित्र व स्वभाव से ही आता है। हिन्दुस्तान एकमात्र ऐसा देश है जहां बिना भेदभाव के मतदाता सूची तैयार की जाती है और मतदान किया जाता है। पश्चिमी देशों में लोकतंत्र के विकास में लंबा समय लगा लेकिन भारत आजादी के बाद अचानक एक परिपक्व व नए रूप में सामने आया। लोकतंत्र को मजबूत करने के लिए लगातार प्रशिक्षण व शिक्षाएं देकर सुधार की गई। जिससे इसमें लोगों का रुझान बढ़ा। लेकिन अभी भी शहरी क्षेत्रों में मतदान का प्रतिशत ग्रामीण क्षेत्रों की तुलना में कम होता है, अत: लोगों को इस पर विचार करना चाहिए कि मतदान का प्रतिशत बढ़ाने में वे निष्पक्ष रूप से सहभागी हों। मतदाता सूची में बिना किसी भेदभाव के नाम जोड़ने के क्रम में ही नाम जोड़ा जाता है तथा सामान्य व व्हीआईपी लोगों के फोटो एक जैसे होते हैं। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र को सही तरीके से देश में लाने के लिए चुनाव की भांतियों को दूर करना होगा। लोकतंत्र की ताकत ही देश को आगे बढ़ायेगी और लोकतंत्र की ताकत है निष्पक्ष मतदान। अत: सभी लोग बिना भेदभाव के मतदान करें।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक श्री संपत उपाध्याय ने देश में निर्वाचन की व्यवस्था को अपनाने तथा व्यस्क मताधिकार के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि बहुत से देश में महिलाओं के मतदान के लिए क्रांतियां भी हुई, लेकिन भारत में ऐसा नहीं है। भारत में व्यस्क मताधिकार है, जिसमें व्यस्क महिला व पुरूष अपना नाम मतदाता सूची में जुड़वाकर मताधिकार का प्रयोग कर सकते हैं। भारत के लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए यहां सतत् सुधार हुए हैं। जिसके कारण ही यहां का लोकतंत्र एक बड़ा व सशक्त लोकतंत्र है, जबकि भारत के साथ ही स्वतंत्र हुए अन्य देश व पड़ोसी देशों में लोकतंत्र सफल नहीं हो पा रहा है। उन्होंने कहा कि सभी लोग अपने मताधिकारों को पहचाने, उसका उपयोग करें और लोकतंत्र को मजबूत करें।
कार्यक्रम में कलेक्टर श्री सक्सेना द्वारा लोकतंत्र को और मजबूत करने के लिए मतदाताओं को शपथ दिलाई। इस अवसर पर सुरमय निर्वाचन गीत की प्रस्तुति जानकी बैंड द्वारा दी गई। कार्यक्रम के श्रृंखला में श्री राम ग्रुप आफ इंस्टीट्यूशंस द्वारा एक नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया गया।
राष्ट्रीय मतदाता दिवस कार्यक्रम में नवीन वोटर रोशनी अधिकारी, मोक्ष रोहरा,सिया बुधवानी अंशु साहू दिव्यांगना लाल इत्यादि को एपिक कार्ड प्रदान कर तथा ‘‘मैं हूं भारत का मतदाता’’ का बेज लगाकर अतिथियों द्वारा सम्मानित किया गया। इस अवसर पर राष्ट्रीय मतदाता दिवस के लिए थीम ‘‘वोट जैसा कुछ नहीं वोट जरुर डालेंगे हम’’ के जिला स्तरीय तीन विजेताओं क्रमशः मधु चौबे माता गुजरी महिला महाविद्यालय श्रीमती मनोरमा जैन प्रगति शैक्षिक अध्ययन संस्थान एवं ललित कुमार मखीजा नवयुग महाविद्यालय को कलेक्टर श्री सक्सेना द्वारा नगद पुरस्कार एवं आकर्षक प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। साथ ही मतदाता में उत्कृष्ट कार्य करने वालों को सम्मानित भी किया गया।
जिला स्तरीय मुख्य कार्यक्रम के आयोजन में अपर कलेक्टर द्वय मिशा सिंह एवं श्री नाथूराम गौंड, उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्री धीरेंद्र सिंह, अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री मनोज सिंह मंचासीन रहे तथा दर्शक दीर्घा में एसडीएम पंकज मिश्रा कुलदीप पाराशर इत्यादि सहित विशाल संख्या में जिले के विभिन्न महाविद्यालयों के ईएलसी नोडल अधिकारी, प्राचार्य तथा कैंपस एंबेसडर उपस्थित रहे। जिला स्वीप समन्वयक डॉ. प्रमोद श्रीवास्तव ने कार्यक्रम का सफल संचालन किया।