मझोली थाना क्षेत्र के खबरा अंतर्गत ग्राम पडुआ (पिपरिया) में बुधवार दोपहर लगभग 1 बजे हुए सनसनीखेज हत्याकांड ने पूरे इलाके को दहला दिया।
मझौली जबलपुर
मृतक की पहचान अजय ठाकुर उर्फ अज्जू ठाकुर, निवासी खबरा के रूप में हुई है। दिनदहाड़े हुई इस वारदात के बाद गांव में भारी तनाव व्याप्त है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोपहर करीब 1 बजे किसी पुराने विवाद को लेकर कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई। आरोप है कि अजय ठाकुर पर घातक हमला किया गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गए।
मामले में मयंक सेन पिता राजेश सेन (उम्र 20 वर्ष) को मुख्य आरोपी बताया गया है। ग्रामीणों का आरोप है कि आरोपी का संबंध एक स्थानीय मंडल अध्यक्ष के परिवार से है। हालांकि इस संबंध में अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन राजनीतिक रिश्तों की चर्चा से मामला और संवेदनशील हो गया है।
सूचना मिलते ही मझौली पुलिस के अंतर्गत मझौली पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और एक आरोपी को हिरासत में लेने की पुष्टि की है। अन्य संदिग्धों की तलाश जारी है।
थाना प्रभारी ने कहा
“मामला दर्ज कर लिया गया है। सभी पहलुओं की बारीकी से जांच की जा रही है। दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।”
गांव में तनाव, अतिरिक्त बल तैनात
घटना के बाद गांव में तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। परिजन और ग्रामीण आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।




