एटीएम कार्ड बदलकर लोगों के बैंक खातों से लाखों रुपये निकालने वाले शातिर बदमाश को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
जबलपुर
थाना गोरखपुर और थाना केन्ट की संयुक्त कार्रवाई में आरोपी विनोद गौतम (28) निवासी तिलक वार्ड, रेलवे स्टेशन के पास, जिला सिवनी को दबोचा गया।
पुलिस के अनुसार आरोपी एटीएम में पैसे निकालने आए लोगों से मदद करने के बहाने बातचीत करता था और उनका एटीएम पिन देख लेता था। मौका पाकर वह कार्ड बदल देता और बाद में उसी कार्ड से अलग-अलग एटीएम से पैसे निकालकर शॉपिंग करता था।
जांच में सामने आया कि आरोपी ने गोरखपुर, केन्ट, ओमती और बेलबाग थाना क्षेत्रों में इसी तरीके से कई लोगों को निशाना बनाया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 66 एटीएम कार्ड, 5,500 रुपये नकद, लगभग 1 लाख रुपये की जुपिटर स्कूटी और करीब 55 हजार रुपये की सोने की झुमकी बरामद की है। इसके अलावा धोखाधड़ी से निकाली गई 3 लाख 68 हजार रुपये की राशि बैंक में होल्ड कराई गई है।
पुलिस अधीक्षक सम्पत उउपाध्याय के निर्देशन पर गठित टीम ने बैंक सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी को पकड़ा। पुलिस अब आरोपी से अन्य मामलों में भी पूछताछ कर रही है और उसे न्यायालय में पेश कर रिमांड पर लिया जा रहा है।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि एटीएम मशीन पर किसी अजनबी की मदद न लें और अपना पिन किसी को न बताएं।




