शाम 6 बजे हुई वारदात से ग्राम दरौली में खौफ का माहौल, रतजगा करने को मजबूर ग्रामीण
* मौके से बीट गार्ड नदारद, रेंजर को फोन लगाने के बाद भी नहीं मिली कोई मदद
सिहोरा (जबलपुर), संवाददाता।
सिहोरा वन परिक्षेत्र के अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत दरौली में रविवार शाम उस वक्त हड़कंप मच गया, जब जंगल से भटक कर आबादी क्षेत्र के बेहद करीब पहुंचे एक तेंदुए ने बछड़े को अपना शिकार बना लिया। शाम करीब 6 बजे हुई इस घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल व्याप्त है। हिंसक वन्यजीव की मौजूदगी से डरे-सहमे ग्रामीण अपनी और मवेशियों की सुरक्षा को लेकर खौफ के साये में रतजगा करने को मजबूर हैं।
सूचना के बाद भी नदारद रहे जिम्मेदार, ग्रामीणों में आक्रोश
इस पूरी घटना में वन विभाग की घोर लापरवाही और संवेदनहीनता खुलकर सामने आई है। ग्रामीणों का आरोप है कि तेंदुए द्वारा शिकार किए जाने की सूचना तत्काल वन विभाग के मैदानी अमले को दी गई, लेकिन कोई भी मौके पर नहीं पहुंचा। सुरक्षा का जिम्मा संभालने वाले बीट गार्ड रामचरण रजक अपने क्षेत्र से नदारद मिले। यही नहीं, जब ग्रामीणों ने सिहोरा रेंजर आर. के. मिश्रा को मामले की गंभीरता से अवगत कराया, तो वहां से भी कोई ठोस रिस्पांस या मदद नहीं मिली।
‘क्या किसी बड़ी अनहोनी का इंतजार कर रहा है विभाग?’
वन विभाग के इस रवैये से ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। ग्राम दरौली निवासी पवन कुमार पाल ने विभाग की कार्यप्रणाली पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि तेंदुए के गांव के इतने करीब आने से इंसानी जान को भी सीधा खतरा पैदा हो गया है। इसके बावजूद वन विभाग का अमला कुंभकर्णी नींद सोया हुआ है। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या वन विभाग किसी बड़ी जनहानि या अनहोनी के घटित होने का इंतजार कर रहा है?
गश्त बढ़ाने और पिंजरा लगाने की उठी मांग
दहशतजदा ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों से मांग की है कि मामले को गंभीरता से लेते हुए गांव में तत्काल वनकर्मियों की रात्रिकालीन गश्त बढ़ाई जाए और तेंदुए को आबादी क्षेत्र से दूर खदेड़ने या पकड़ने के लिए अविलंब पिंजरा लगाया जाए।