रिश्तों का कत्ल कर अपनों को लूटा: 30 करोड़ के लोन का सब्जबाग दिखाकर चाचा-भतीजे ने ऐंठे 28.50 लाख, पीड़ित परिवार का मकान तक बिका

मझौली पुलिस की बड़ी कार्रवाई: भतीजा पनागर से दबोचा गया, बालाघाट निवासी शातिर चाचा की सरगर्मी से तलाश जारी

 * ‘ओम साई राम वेयरहाउस’ पर 5 गुना लोन और अनाज भंडारण का दिया था झांसा; व्हाट्सएप पर फर्जी चेक व शपथ पत्र भेजकर करते रहे गुमराह

मझौली (जबलपुर),

विश्वास और रिश्तेदारी की आड़ लेकर अपने ही परिजन को सड़क पर लाने वाले एक शातिर गिरोह का मझौली पुलिस ने पर्दाफाश किया है। 30 करोड़ रुपये के बैंक लोन और अनाज भंडारण के बड़े काम का सब्जबाग दिखाकर चाचा-भतीजे की जोड़ी ने मझौली के एक परिवार से 28.50 लाख रुपये की सनसनीखेज ठगी को अंजाम दिया। इस विश्वासघात की कीमत पीड़ित परिवार को अपने गहने और गिरवी रखा मकान गंवाकर चुकानी पड़ी। पुलिस ने दबिश देकर आरोपी भतीजे को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि फरार चाचा की तलाश में पुलिस की टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।

गहने और जीजा का मकान गिरवी रखकर जुटाए थे 30 लाख

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, मझौली निवासी स्वर्गीय आराधना सिंह परिहार के परिवार से उनके दूर के रिश्तेदार देवेन्द्र सिंह ठाकुर (निवासी पनागर) और उसके चाचा जितेन्द्र सिंह ठाकुर (निवासी बालाघाट) ने संपर्क साधा था। दोनों आरोपियों ने परिवार को झांसा दिया कि वे ‘ओम साई राम वेयरहाउस’ पर 5 गुना यानी 30 करोड़ रुपये का भारी-भरकम बैंक लोन स्वीकृत करा देंगे और साथ ही अनाज भंडारण का बड़ा ठेका भी दिलाएंगे।

अपनों पर आंख मूंदकर भरोसा करते हुए पीड़ित परिवार ने घर के जेवरात और अपने जीजा का मकान तक गिरवी रख दिया। कर्ज लेकर परिवार ने नकद व बैंक ट्रांसफर के माध्यम से आरोपियों के हवाले कुल 30 लाख रुपये कर दिए।

कर्ज के बोझ तले बिक गया आशियाना, फर्जी चेक से देते रहे झांसा

रकम हड़पने के बाद आरोपियों के तेवर बदल गए। न तो बैंक से लोन मंजूर हुआ और न ही किसी प्रकार का काम मिला। उधर, बाजार से लिए गए भारी कर्ज का ब्याज बढ़ता गया और समय पर किस्त न चुका पाने के कारण पीड़ित परिवार का गिरवी रखा मकान तक बिक गया। पूरा परिवार आर्थिक तबाही की कगार पर पहुंच गया।

जब पीड़ित पक्ष ने आर-पार की लड़ाई का मन बनाते हुए पैसों की वापसी का दबाव बनाया, तो आरोपियों ने महज 1.50 लाख रुपये लौटाकर पल्ला झाड़ने की कोशिश की। शेष 28.50 लाख रुपये हड़पने की नीयत से आरोपी व्हाट्सएप पर झूठे चेक की फोटो और फर्जी शपथ पत्र भेजकर परिवार को लंबे समय तक गुमराह करते रहे।

पुलिस की घेराबंदी में फंसा भतीजा, चाचा पर शिकंजा

आखिरकार ठगी का अहसास होने पर पीड़ित परिवार ने मझौली थाने पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के मार्गदर्शन, एसडीओपी सिहोरा मोहंती मरावी एवं मझौली थाना प्रभारी पूर्वा चौरसिया के नेतृत्व में एक विशेष पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की मदद से दबिश देकर आरोपी भतीजे देवेन्द्र सिंह ठाकुर को हिरासत में ले लिया।

मझौली पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 316(2), 318(3), 318(4) एवं 3(5) के तहत धोखाधड़ी, आपराधिक विश्वासघात और कूटरचना का मामला दर्ज किया है। थाना प्रभारी पूर्वा चौरसिया के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ की जा रही है और फरार मुख्य सूत्रधार चाचा जितेन्द्र सिंह ठाकुर को भी जल्द ही सलाखों के पीछे पहुंचाया जाएगा

सुंदरलाल बर्मनhttps://majholidarpan.com/
Sundar Lal barman (41 years) is the editor of MajholiDarpan.com. He has approximately 10 years of experience in the publishing and newspaper business and has been a part of the organization for the same number of years. He is responsible for our long-term vision and monitoring our Company’s performance and devising the overall business plans. Under his Dynamic leadership with a clear future vision, the company has progressed to become one of Hindi e-newspaper , with Jabalpur district.

Latest News

Stay Connected

0FansLike
29FollowersFollow
0FollowersFollow
0FollowersFollow
0SubscribersSubscribe

Most View