पाटन थाना क्षेत्र के ग्राम उड़ना में उस वक्त सनसनी फैल गई, जब शराब दुकान के समीप एक 65 वर्षीय बुजुर्ग का शव बरामद हुआ।
जबलपुर/पाटन
मृतक की पहचान मुड़िया गांव निवासी राजेंद्र गुर्जर के रूप में हुई है। घटना के बाद से क्षेत्र में हड़कंप मचा हुआ है, वहीं परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है।
मिली जानकारी के अनुसार, राजेंद्र गुर्जर अपने घर से बाइक लेकर व्यापार के सिलसिले में निकले थे। जब वे काफी देर तक घर वापस नहीं लौटे, तो परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान उनकी मोटरसाइकिल ग्राम उड़ना स्थित शराब दुकान के पास खड़ी मिली। बाइक के पास ही राजेंद्र गुर्जर का शव संदिग्ध हालत में जमीन पर पड़ा हुआ था।
परिजनों ने बताया कि मृतक के शरीर पर चोट के गंभीर निशान हैं। राजेंद्र गुर्जर का एक कान कटा हुआ पाया गया है और उनके पैरों में भी गहरे जख्म हैं। मृतक के बेटे आशीष गुर्जर ने पुलिस को दी बाइट में स्पष्ट तौर पर मामले को संदिग्ध बताया है। परिजनों का आरोप है कि पुरानी रंजिश या किसी विवाद के चलते दो लोगों ने उनके साथ जमकर मारपीट की, जिससे उनकी मृत्यु हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पाटन पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। पुलिस का कहना है कि मामला दर्ज कर लिया गया है और हर पहलू से जांच की जा रही है।
“शव का पोस्टमार्टम करा दिया गया है। फिलहाल शॉर्ट पीएम रिपोर्ट और विस्तृत पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है। रिपोर्ट में मौत के सही कारणों का खुलासा होने के बाद ही आरोपियों के खिलाफ अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।”
फिलहाल, पुलिस उन दो संदिग्धों की भी जानकारी जुटा रही है जिन पर परिजनों ने आरोप लगाया है। इलाके में तनाव और शोक का माहौल बना हुआ है।




