जबलपुर जिले के खितौला थाना क्षेत्र से एक ऐसी हृदयविदारक घटना सामने आई है जिसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है।
सिहोरा/खितौला (जबलपुर):
ग्राम खितौला स्थित हिरन नदी के तट पर बने श्मशान घाट में एक 27 वर्षीय युवक ने जलती चिता पर लेटकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। घटना के बाद से क्षेत्र में दहशत और कौतूहल का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शनिवार शाम करीब 5:30 बजे खितौला श्मशान घाट में एक अंतिम संस्कार किया गया था। रीति-रिवाजों के अनुसार, परिजन चिता को जलता छोड़कर घर लौट आए थे। इसी बीच, रात लगभग 3 बजे खितौला निवासी सिब्बू कोल उर्फ शुभम कोल (उम्र 27 वर्ष) अचानक अपने घर से लापता हो गया।
परिजनों ने काफी तलाश की, लेकिन जब वह नहीं मिला तो सुबह 6 बजे खितौला थाने में उसकी गुमशुदगी की सूचना दर्ज कराई गई।
घटना का खुलासा रविवार सुबह करीब 7 बजे हुआ। जब शनिवार को हुए अंतिम संस्कार वाले परिवार के सदस्य चिता की राख (खारी) एकत्रित करने श्मशान पहुँचे, तो वहां का दृश्य देखकर उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। उन्होंने देखा कि चिता के ऊपर एक युवक का आधा जला हुआ शव पड़ा था। तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी गई।
सूचना मिलते ही खितौला थाना प्रभारी रमन सिंह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुँचे। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए शव को चिता से अलग कर अपने कब्जे में लिया। जांच के दौरान मृतक की शिनाख्त सिब्बू कोल के रूप में हुई, जिसकी तलाश परिजन सुबह से कर रहे थे। थाना प्रभारी की सूझबूझ से मौके पर उमड़ी भीड़ को नियंत्रित किया गया और स्थिति को बिगड़ने से रोका गया।
प्रारंभिक तौर पर पुलिस इसे आत्महत्या का मामला मानकर चल रही है। हालांकि, युवक ने इतना खौफनाक कदम क्यों उठाया, इसका कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है।
थाना प्रभारी रमन सिंह का कहना है: “शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस हर पहलू की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों के बयानों के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट होगी।”




