सूखा गांव के पेट्रोल पंप के पास 8-10 हमलावरों ने बोला धावा; गंभीर हालत में मेडिकल अस्पताल में भर्ती
जबलपुर/पाटन:
पाटन थाना क्षेत्र के अंतर्गत नूनसर पुलिस चौकी के सूखा गांव में जमीनी विवाद को लेकर एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहाँ एक अधेड़ व्यक्ति को रास्ते में रोककर करीब आधा दर्जन से अधिक लोगों ने घेर लिया और उन पर गोली चला दी। गोली लगने से घायल व्यक्ति को इलाज के लिए जबलपुर के मेडिकल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार, पीड़ित ठाकुरदास पटेल जब अपने काम से सूखा गांव से वापस लौट रहे थे, तभी पेट्रोल पंप के पास पहले से घात लगाए बैठे 8 से 10 लोगों ने उन्हें चारों तरफ से घेर लिया। हमलावरों ने ठाकुरदास पर सीधा फायर झोंक दिया, जिससे गोली उनके पेट में जा लगी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
अस्पताल में भर्ती घायल ठाकुरदास पटेल ने बताया कि उनका गांव के ही कुछ लोगों के साथ लंबे समय से जमीनी विवाद चल रहा है। ठाकुरदास के मुताबिक, उन्होंने उन लोगों से एक जमीन खरीदी थी और उसका पूरा पैसा भी चुका दिया था। इसके बावजूद आरोपी जमीन की रजिस्ट्री नहीं कर रहे थे और लगातार विवाद कर रहे थे। इसी रंजिश के चलते कल जब वे रास्ते से गुजर रहे थे, तो सुनियोजित तरीके से उन पर हमला किया गया।
घटना की सूचना मिलते ही नूनसर पुलिस चौकी सक्रिय हो गई है। पुलिस ने पीड़ित के बयानों के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पाटन एसडीओपी **लोकेश डाबर** ने बताया कि मामला पूरी तरह से जमीनी रंजिश से जुड़ा नजर आ रहा है, पुलिस की टीमें गठित कर दी गई हैं और जल्द ही फरार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
“जमीनी विवाद के चलते हमला हुआ है। आरोपियों की पहचान की जा रही है और नूनसर पुलिस मामले की बारीकी से जांच कर रही है। जल्द ही आरोपियों को हिरासत में लिया जाएगा।”
*लोकेश डाबर, एसडीओपी, पाटन
ब्यूरो रिपोर्ट: मझौली दर्पण न्यूज़




