बहोरीबंद तहसील के कटही ग्राम में राजस्व विभाग की दबिश; पंचम यादव के खेत पर चल रहा था अवैध नलकूप खनन
कटनी/बहोरीबंद
भीषण गर्मी और गहराते जल संकट को देखते हुए जिले में नलकूप खनन पर लगाए गए कड़े प्रतिबंध का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ प्रशासन ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। कटनी कलेक्टर श्री आशीष तिवारी द्वारा जारी प्रतिबंधात्मक आदेशों की अवहेलना करने पर राजस्व विभाग की टीम ने तहसील बहोरीबंद में छापामार कार्रवाई करते हुए एक बोरिंग मशीन को रंगे हाथों जब्त किया है।
मिली जानकारी के अनुसार, बहोरीबंद एसडीएम राकेश चौरसिया एवं तहसीलदार आशिष अग्रवाल को सूचना मिली थी कि हथियागढ़ के समीप ग्राम कटही में अवैध रूप से बोरिंग का कार्य किया जा रहा है। अधिकारियों के मार्गदर्शन में हल्का राजस्व की टीम ने तत्काल मौके पर दबिश दी।
ग्राम कटही में पंचम यादव के खेत पर बोरिंग मशीन द्वारा धड़ल्ले से खनन किया जा रहा था। टीम ने मौके पर पहुँचकर तुरंत कार्य रुकवाया और वैधानिक कार्यवाही शुरू की। जांच में पाया गया कि यह कार्य जिला प्रशासन द्वारा ग्रीष्म ऋतु में लगाए गए खनन प्रतिबंध का स्पष्ट उल्लंघन है
राजस्व टीम ने मौके पर पंचनामा तैयार कर निम्नलिखित वाहनों को अपनी कस्टडी में ले लिया है:
*बोरिंग मशीन नंबर: KA 01 MN 8389 गाड़ी नंबर: KA 01 AG 0679 होगी कठोर वैधानिक कार्यवाही
प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि इस मामले की विस्तृत रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को भेज दी गई है। नलकूप खनन अधिनियम और प्रतिबंधात्मक आदेशों के उल्लंघन के तहत संबंधित पक्षों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्यवाही की जा रही है।
राजस्व विभाग ने स्पष्ट किया है कि आगामी मानसून तक जिले में बिना अनुमति नलकूप खनन पूरी तरह प्रतिबंधित है। यदि कहीं भी इस तरह की गतिविधि पाई जाती है, तो मशीन मालिक और भूमि स्वामी दोनों के खिलाफ एफआईआर (FIR) सहित कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
ब्यूरो रिपोर्ट: मझौली दर्पण न्यूज़




