जिले की शैक्षणिक व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करने और मैदानी हकीकत जानने के उद्देश्य से जिला पंचायत सीईओ सुश्री हरसिमरनप्रीत कौर ने शुक्रवार को विकासखंड बहोरीबंद का औचक दौरा किया।
बहोरीबंद/कटनी
इस दौरान उन्होंने प्राथमिक शाला लखनवारा और आंगनबाड़ी केंद्र स्लीमनाबाद का बारीकी से निरीक्षण किया और व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
सीईओ बनीं शिक्षिका, बच्चों ने दिए सटीक जवाब
निरीक्षण के दौरान सुश्री कौर एक अलग अंदाज में नजर आईं। प्राथमिक शाला लखनवारा में उन्होंने खुद एक शिक्षिका की भूमिका निभाई और बच्चों से संवाद किया। उन्होंने छात्रों से एकाग्रचित्त होकर पढ़ाई करने, समय पर होमवर्क पूरा करने और जीवन में अनुशासन के महत्व को समझाया।
शैक्षणिक गुणवत्ता को परखने के लिए उन्होंने छात्र प्रतीक, गुंजन और अन्य बच्चों से सवाल किए। बच्चों द्वारा सटीक और त्वरित जवाब दिए जाने पर सीईओ बेहद खुश हुईं। उन्होंने बच्चों की पीठ थपथपाई और प्रोत्साहन स्वरूप उन्हें पेन व कॉपी उपहार में भेंट की।
मध्यान्ह भोजन और रसोइयों का जाना हाल
सुश्री कौर ने स्कूल में मध्यान्ह भोजन व्यवस्था का भी निरीक्षण किया। उन्होंने मेनू के अनुसार भोजन बनने की जांच की और रसोइयों से सीधे संवाद कर उनके पारिश्रमिक भुगतान व अन्य समस्याओं के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने शिक्षकों और आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को अध्यापन कार्य सुचारू रूप से संचालित करने के कड़े निर्देश दिए।
आंगनबाड़ी में पोषण और स्वास्थ्य पर फोकस
इसके पश्चात, जिला पंचायत सीईओ ने आंगनबाड़ी केंद्र स्लीमनाबाद का रुख किया। वहां उन्होंने कार्यकर्ता और सहायिका से केंद्र में दर्ज बच्चों की संख्या, गर्भवती व धात्री महिलाओं के पोषण आहार वितरण, बच्चों के वजन और उपस्थिति के संबंध में विस्तार से जानकारी ली। उन्होंने कुपोषित बच्चों की विशेष देखभाल और आवश्यक सुधार हेतु संबंधितों को कड़े निर्देश जारी किए।
इस औचक निरीक्षण के दौरान जनपद पंचायत बहोरीबंद के सीईओ अभिषेक कुमार झा, बीआरसी प्रशांत मिश्रा, ऋषिराज चढ़ार, योगेंद्र कुमार असाटी, उमेश सोनी सहित सहायक यंत्री, उपयंत्री, ग्राम पंचायत सचिव एवं ग्राम रोजगार सहायक उपस्थित रहे।
ब्यूरो रिपोर्ट: मझौली दर्पण न्यूज




