स्वच्छता और सुव्यवस्थित रिकॉर्ड पर दिया जोर
बहोरीबंद/कटनी:
जिला पंचायत कटनी की नवनियुक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) सुश्री हरसिमरनप्रीत कौर ने शुक्रवार को जनपद पंचायत बहोरीबंद कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कार्यालयीन व्यवस्थाओं, स्वच्छता और अभिलेखों के रख-रखाव का बारीकी से जायजा लिया। लापरवाही और अव्यवस्था पर नाराजगी जाहिर करते हुए उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए।
कार्यालय को स्वच्छ और रिकॉर्ड को सुव्यवस्थित रखने के निर्देश
सीईओ सुश्री कौर ने निरीक्षण के दौरान सबसे पहले कार्यालय की स्वच्छता पर ध्यान दिया। उन्होंने जनपद पंचायत सीईओ अभिषेक कुमार झा को निर्देशित किया कि पूरा कार्यालय परिसर साफ-सुथरा होना चाहिए। विशेष रूप से शौचालय और प्रसाधन गृहों की प्रतिदिन सफाई सुनिश्चित की जाए।
इसके साथ ही, उन्होंने नस्तियों (फाइलों) और आवश्यक अभिलेखों को व्यवस्थित तरीके से यथास्थान रखने के निर्देश दिए। सुश्री कौर ने कहा कि उपयोगी दस्तावेजों को रिकॉर्ड रूम में सुरक्षित रखा जाए और अनुपयोगी सामग्री को नियमानुसार हटाने की कार्रवाई की जाए। कार्यालय में किसी भी प्रकार की गंदगी या अव्यवस्था स्वीकार्य नहीं होगी।
समयबद्धता और संवेदनशीलता पर जोर
सीईओ सुश्री कौर ने सभी अधिकारी-कर्मचारियों को निर्धारित कार्यालयीन समय पर उपस्थित रहने और समय पर ही कार्यालय छोड़ने की हिदायत दी। उन्होंने जोर देकर कहा कि जनसमस्याओं का समय पर निराकरण होना आवश्यक है। जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों की समस्याओं को संवेदनशीलता के साथ सुना जाए और उनका यथोचित निराकरण तत्परता पूर्वक किया जाए। आवेदनों के निराकरण में किसी भी प्रकार का विलंब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
इन शाखाओं का किया निरीक्षण
सुश्री कौर ने निरीक्षण के दौरान जनपद कार्यालय की विभिन्न शाखाओं और कक्षों का भ्रमण किया। उन्होंने प्रमुख रूप से महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा), पंचायत शाखा, स्वच्छ भारत अभियान (ग्रामीण), प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) सहित अन्य कक्षों में जाकर कार्यों की प्रगति और रिकॉर्ड संधारण की स्थिति देखी।
औचक निरीक्षण के दौरान जनपद पंचायत बहोरीबंद के सीईओ अभिषेक कुमार झा, मनरेगा के परियोजना अधिकारी ऋषिराज चढ़ार, योगेंद्र कुमार असाटी, उमेश सोनी सहित सहायक यंत्री, उपयंत्री और अन्य जनपद स्तरीय अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। सीईओ सुश्री कौर के इस कड़े रुख से कार्यालयीन कार्यप्रणाली में सुधार की उम्मीद जताई जा रही है।
ब्यूरो रिपोर्ट: मझौली दर्पण न्यूज




