उपयंत्री और ग्राम रोजगार सहायक को ‘कारण बताओ’ नोटिस जारी करने के निर्देश; कार्यों में गुणवत्ता सुधार हेतु एक सप्ताह का अल्टीमेटम
बहोरीबंद/कटनी:
जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत जल संरक्षण कार्यों में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों पर अब गाज गिरना शुरू हो गई है। शुक्रवार को जिला पंचायत सीईओ सुश्री हरसिमरनप्रीत कौर ने जनपद पंचायत बहोरीबंद की विभिन्न ग्राम पंचायतों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कार्यों में भारी खामियां और तकनीकी मानकों की अनदेखी पाए जाने पर उन्होंने सख्त नाराजगी व्यक्त की।
लापरवाही पर सख्त एक्शन
सीईओ सुश्री कौर ने ग्राम पंचायत बहोरीबंद में नाला शुद्धिकरण, हितग्राही भोला के खेत तालाब और प्रेम रानी की ‘मां की बगिया’ कार्य का जायजा लिया। मौके पर कार्यों की स्थिति संतोषजनक न होने और अधिकारियों द्वारा संतोषजनक जवाब न दे पाने पर उन्होंने तत्काल उपयंत्री (Sub Engineer) और ग्राम रोजगार सहायक को शोकाज नोटिस (कारण बताओ नोटिस) जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने दो टूक शब्दों में कहा कि एक सप्ताह के भीतर गुणवत्तापूर्ण सुधार सुनिश्चित किया जाए।
इन पंचायतों और कार्यों का हुआ निरीक्षण
जिला पंचायत सीईओ ने लखनवारा, स्लीमनाबाद, कोड़ियां और बहोरीबंद पंचायतों में संचालित निम्नलिखित कार्यों का बारीकी से अवलोकन किया:
राम जानकी बावड़ी का जीर्णोद्धार
नाला शुद्धिकरण एवं खेत तालाब निर्माण
रेन वाटर हार्वेस्टिंग (आंगनबाड़ी केंद्र स्लीमनाबाद)
*सामुदायिक भवन एवं मुक्तिधाम निर्माण
पेयजल समस्या पर अधिकारियों को लगाई फटकार
स्लीमनाबाद में मुक्तिधाम के निरीक्षण के दौरान ग्रामीणों ने पेयजल की गंभीर समस्या से अवगत कराया। इस पर सुश्री कौर ने जनपद सीईओ और पीएचई (PHE) विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि गर्मी की विकरालता को देखते हुए पेयजल आपूर्ति में किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने जल जीवन मिशन के कार्यों को युद्ध स्तर पर पूर्ण करने के आदेश दिए।
गुणवत्ता से समझौता नहीं: सुश्री कौर
निरीक्षण के दौरान सुश्री कौर ने कहा, बारिश की एक-एक बूंद सहेजने के लिए जल संरचनाओं का निर्माण तकनीकी मानकों के अनुसार ही होना चाहिए। जनहित के कार्यों में लापरवाही बरतने वालों की जवाबदेही तय कर कठोर कार्रवाई की जाएगी।”
निरीक्षण के दौरान उपस्थिति: इस अवसर पर जनपद पंचायत सीईओ अभिषेक कुमार झा, ऋषि राज चढ़ार, योगेंद्र कुमार असाटी, बीआरसी प्रशांत मिश्रा, उमेश सोनी सहित तकनीकी अधिकारी, पंचायत सचिव और ग्राम रोजगार सहायक उपस्थित रहे।
ब्यूरो रिपोर्ट: मझौली दर्पण न्यूज




