नगर के कंटंगी रोड स्थित शनि मंदिर के पास खुले नाले ने एक बार फिर गंभीर खतरे की घंटी बजा दी है।
मझौली
लापरवाही का आलम यह है कि लंबे समय से खुला पड़ा नाला आज एक बड़े हादसे का कारण बनते-बनते बच गया।
मंगलवार को ग्राम पंचायत लुहारी से हाट-बाजार जा रहे एक सब्जी व्यापारी की मोटरसाइकिल अचानक फिसल गई, जिससे वह बाल-बाल बच गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सड़क किनारे खुले नाले के कारण संतुलन बिगड़ने से यह घटना हुई। यदि समय रहते नियंत्रण नहीं होता, तो गंभीर दुर्घटना हो सकती थी।
स्थानीय लोगों का कहना है कि उक्त स्थान पर नाला लंबे समय से खुला पड़ा है, लेकिन नगर परिषद द्वारा कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। रोजाना इस मार्ग से सैकड़ों लोग, व्यापारी और वाहन गुजरते हैं, जिससे खतरा लगातार बना रहता है।
हाट-बाजार के लिए आने-जाने वाले सब्जी विक्रेताओं और ग्रामीणों को विशेष रूप से परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। खराब सड़क और खुले नाले के कारण हर समय दुर्घटना का डर बना रहता है।
स्थानीय नागरिकों ने नगर परिषद की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि छोटी-छोटी समस्याओं को भी नजरअंदाज किया जा रहा है, जो आगे चलकर बड़े हादसों का कारण बन सकती हैं।
लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द नाले को ढकने और सड़क की मरम्मत कराने की व्यवस्था की जाए, ताकि भविष्य में किसी बड़ी दुर्घटना से बचा जा सके।




