देशभर में एलपीजी गैस की बढ़ती किल्लत के बीच तेल कंपनियों ने उपभोक्ताओं के लिए नए नियम लागू कर दिए हैं।
नई दिल्ली
इन नियमों के तहत अब गैस सिलेंडर की बुकिंग और डिलीवरी के बीच का अंतराल बढ़ा दिया गया है, जिससे आम उपभोक्ताओं की मुश्किलें और बढ़ने की आशंका है।
नए नियमों के अनुसार, जिन उपभोक्ताओं के पास दो गैस सिलेंडर हैं, उन्हें अब 35 दिन के अंतराल के बाद ही नया सिलेंडर मिल सकेगा। वहीं, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों के लिए यह अवधि और बढ़ाकर 45 दिन कर दी गई है। इससे गरीब और ग्रामीण परिवारों पर सीधा असर पड़ सकता है।
हालांकि, जिन उपभोक्ताओं के पास सिर्फ एक सिलेंडर है, उनके लिए राहत की बात यह है कि उनके लिए नियम पहले जैसे ही रहेंगे। ऐसे उपभोक्ताओं को 25 दिन के अंतराल पर सिलेंडर उपलब्ध कराया जाएगा।
इस संबंध में जानकारी देते हुए यूपी एलपीजी एसोसिएशन और गाजियाबाद एलपीजी एसोसिएशन के अध्यक्ष अरुण कुमार ने बताया कि तेल कंपनियों द्वारा यह निर्णय एलपीजी की सप्लाई में आ रही लगातार दिक्कतों को देखते हुए लिया गया है। उन्होंने कहा कि नए नियम तत्काल प्रभाव से लागू कर दिए गए हैं और सभी गैस एजेंसियों को इस संबंध में निर्देश भी जारी कर दिए गए हैं।
गैस सिलेंडर की आपूर्ति में देरी से खासकर मध्यमवर्ग और गरीब परिवारों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। रसोई गैस पर निर्भर लाखों परिवारों के सामने अब वैकल्पिक ईंधन का संकट भी खड़ा हो सकता है।
एलपीजी की किल्लत और नए नियमों के चलते अब यह सवाल भी उठने लगे हैं कि आखिर कब तक आम आदमी को इस तरह की समस्याओं का सामना करना पड़ेगा। महंगाई के दौर में गैस सिलेंडर की उपलब्धता में देरी ने लोगों की चिंता और बढ़ा दी है।




