तीन महीने से सर्विस में खड़ा वाहन, पार्ट्स नहीं मिलने से उपभोक्ता परेशान — पुलिस को दी पूर्व सूचना
जबलपुर


शहर में उपभोक्ता सेवा को लेकर नाराजगी का एक और मामला सामने आया है। गोहलपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत संचालित ओला स्कूटर सर्विस सेंटर के खिलाफ अधिवक्ता जी.एस. ठाकुर ने विरोध प्रदर्शन और एक घंटे की तालाबंदी की चेतावनी दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अधिवक्ता जी.एस. ठाकुर ने पुलिस थाना गोहलपुर में लिखित सूचना देकर बताया है कि उनका ओला स्कूटर (क्रमांक MP 20 ZE 0890) दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद मरम्मत के लिए सर्विस सेंटर में जमा किया गया था, लेकिन तीन महीने बीत जाने के बाद भी वाहन की मरम्मत नहीं की गई है।
उन्होंने आरोप लगाया कि लगातार सर्विस सेंटर और कंपनी से संपर्क करने के बावजूद स्कूटर के आवश्यक स्पेयर पार्ट्स उपलब्ध नहीं कराए जा सके हैं। यहां तक कि बाजार में भी पार्ट्स की उपलब्धता नहीं होने से उपभोक्ता को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
अधिवक्ता का कहना है कि उन्होंने ओला कंपनी से 1 लाख 54 हजार रुपए में स्कूटर इस शर्त पर खरीदा था कि कंपनी बेहतर सर्विस और समय पर स्पेयर पार्ट्स उपलब्ध कराएगी, लेकिन कंपनी अपने वादों पर खरी नहीं उतर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह केवल उनके साथ ही नहीं, बल्कि सैकड़ों उपभोक्ताओं के साथ धोखा है।
इसी के विरोध में अधिवक्ता जी.एस. ठाकुर ने अन्य पीड़ित उपभोक्ताओं, अधिवक्ताओं और भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर सोमवार, 23 मार्च 2026 को दोपहर 2 बजे से ओला सर्विस सेंटर में एक घंटे की सांकेतिक तालाबंदी करने का निर्णय लिया है।
उन्होंने इस संबंध में पुलिस प्रशासन से सहयोग की मांग की है, ताकि विरोध प्रदर्शन शांतिपूर्ण तरीके से किया जा सके।
यह मामला उपभोक्ता अधिकारों और कंपनियों की जवाबदेही पर बड़ा सवाल खड़ा करता है। अब देखना होगा कि प्रशासन और कंपनी इस विरोध के बाद क्या कदम उठाते हैं और पीड़ित उपभोक्ताओं को कब राहत मिलती है।
— मझौली दर्पण न्यूज




