जिले में घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडरों की जमाखोरी और अवैध भंडारण के खिलाफ प्रशासन ने सख्त कार्रवाई करते हुए बड़ी कार्यवाही की है।
कटनी
कलेक्टर आशीष तिवारी के निर्देश पर सोमवार को संयुक्त जांच दल ने माधवनगर गेट क्षेत्र में छापामार कार्रवाई कर एक मकान से 22 घरेलू गैस सिलेंडर जब्त किए।
जानकारी के अनुसार माधवनगर गेट के पास सूरज बालानी के मकान में अवैध रूप से गैस सिलेंडर भंडारित किए जाने की सूचना पर जांच दल ने औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान परिसर में 14.2 किलोग्राम के कुल 22 घरेलू सिलेंडर अनधिकृत रूप से रखे मिले। इनमें एचपीसीएल के 5 भरे और 1 खाली, आईओसीएल के 6 खाली तथा बीपीसीएल के 10 खाली सिलेंडर शामिल हैं।
जांच में यह भी सामने आया कि इलेक्ट्रॉनिक तौल-कांटे के जरिए सिलेंडरों में गैस तौलकर लोगों को दी जा रही थी। मौके पर पहुंचे सहायक आपूर्ति अधिकारी पियूष कुमार शुक्ल ने 22 सिलेंडर और एक इलेक्ट्रॉनिक तौल-कांटा जब्त कर लिया। जब्त सामग्री को सुरक्षा की दृष्टि से अशोक गैस एजेंसी के संचालक संदीप यादव की सुपुर्दगी में रखा गया है।
प्रशासन ने बताया कि आरोपित के खिलाफ द्रवीकृत पेट्रोलियम गैस (प्रदाय एवं वितरण विनियमन) आदेश 2000 के तहत प्रकरण तैयार कर कलेक्टर न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा। संयुक्त जांच दल में नायब तहसीलदार संदीप सिंह, सहायक आपूर्ति अधिकारी पियूष कुमार शुक्ल और कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी यज्ञदत्त त्रिपाठी शामिल रहे।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि एलपीजी गैस की जमाखोरी और कालाबाजारी के खिलाफ जिले में आगे भी लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।




