कलेक्टर एवं अध्यक्ष जिला मूल्यांकन समिति श्री राघवेंद्र सिंह की अध्यक्षता में आज वर्ष 2026-27 के लिए अचल संपत्ति की बाजार दरों के पुनरीक्षण को लेकर में बैठक आयोजित की गई।
जबलपुर
जिसमें विधायक प्रतिनिधि श्री सचिन जैन और विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति में जिले की संपत्तियों के बाजार मूल्य निर्धारण पर विस्तृत चर्चा की गई। समिति ने वर्तमान गाइडलाइन की कुल 2705 लोकेशनों में से 1366 लोकेशनों के दामों में बढ़ोतरी का प्रस्ताव रखा है, जिसके अनुसार औसतन 15.37 प्रतिशत की वृद्धि देखी जा सकती है। मूल्य वृद्धि का यह प्रस्ताव मुख्य रूप से उन क्षेत्रों के लिए तैयार किया गया है जहां जमीनों की रजिस्ट्री गाइडलाइन से ऊंचे दामों पर हो रही है या जहां बड़े पैमाने पर विकास कार्य और नई कॉलोनियां विकसित हो रही हैं। विशेष रूप से रिंग रोड, बायपास और उभरते हुए रिहायशी इलाकों में आनुपातिक रूप से बढ़ोतरी का सुझाव दिया गया है। बैठक में उप जिला मूल्यांकन समिति द्वारा प्रस्तुत गाइडलाइन प्रस्तावों की बारीकी से समीक्षा की गई और सदस्यों के सुझावों को भी इसमें शामिल किया गया। जिला मूल्यांकन समिति द्वारा अनुमोदित इन प्रस्तावों को अब आम जनता के सुझावों और आपत्तियों के लिए जिला एवं उप पंजीयक कार्यालयों में उपलब्ध करा दिया गया है। आमजन 13 मार्च को दोपहर 1 बजे तक कार्यालय में उपस्थित होकर इन प्रस्तावों का अवलोकन कर सकते हैं और अपनी आपत्तियां दर्ज करा सकते हैं। इसके बाद ही अंतिम प्रस्तावों को मंजूरी के लिए केंद्रीय मूल्यांकन समिति भोपाल की ओर प्रेषित किया जाएगा।




