एचपी वैक्सीनेशन और प्रधानमंत्री राहत स्कीम पर जोर
जबलपुर:
कलेक्टर राघवेंद्र सिंह की अध्यक्षता में आयोजित लंबित पत्रों की समीक्षा बैठक में प्रशासनिक सख्ती और जनहित योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष जोर दिया गया। बैठक में विभिन्न समाचार पत्रों में प्रकाशित समस्याओं की विभागवार समीक्षा कर कमियों को शीघ्र दूर करने के निर्देश दिए गए।
होली पर्व को देखते हुए कलेक्टर ने दुग्ध उत्पादों की सघन जांच के निर्देश दिए। साथ ही सभी होलिका दहन स्थलों का नि:शुल्क पंजीयन कर वहां गौकाष्ठ के उपयोग को बढ़ावा देने की बात कही। पीएम स्वनिधि, प्रधानमंत्री जन-मन योजना, किसानों की ई-केवाईसी, प्रवेश उत्सव, वन ग्राम से राजस्व ग्राम रूपांतरण और स्वरोजगार योजनाओं की भी विस्तृत समीक्षा की गई। सीएम हेल्पलाइन के प्रकरणों का समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
कलेक्टर ने एचपी वैक्सीनेशन अभियान की जानकारी देते हुए बताया कि 14-15 वर्ष की बालिकाओं को सर्वाइकल कैंसर से बचाव हेतु सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों में निःशुल्क टीका लगाया जा रहा है। वर्तमान में 13 सेंटर संचालित हैं, जिन्हें अगले सप्ताह 33 तक बढ़ाया जाएगा।
वहीं, प्रधानमंत्री राहत स्कीम के तहत सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्तियों का 7 दिन तक 1.50 लाख रुपये तक निःशुल्क उपचार सभी अस्पतालों में उपलब्ध रहेगा। इसके बाद मरीज को आयुष्मान योजना से संबद्ध अस्पताल में स्थानांतरित कर उपचार जारी रखा जाएगा। अस्पताल प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश दिए गए।
बैठक में अभिषेक गहलोत सहित सभी जिला अधिकारी उपस्थित रहे।




