गोसलपुर में सरकारी जमीन पर हो रहे अवैध कब्जे को लेकर किसानों में भारी आक्रोश है।
सिहोरा गोसलपुर/जबलपुर
बिजली विभाग के पास स्थित शासकीय भूमि, जो वर्षों से किसानों के खेतों तक आने-जाने एवं रामसागर तालाब के पानी की निकासी का एकमात्र रास्ता रही है, उस पर गोसलपुर निवासी शशि भूषण दुबे एवं रामस्वरूप चौधरी द्वारा कब्जा किया जा रहा है।
इस अवैध कब्जे के कारण 10 से 12 किसानों का खेतों तक पहुंचना मुश्किल हो गया है। किसानों ने इस गंभीर समस्या को लेकर पहले SDM कार्यालय सिहोरा एवं तहसीलदार सिहोरा को लिखित शिकायत दी, लेकिन समाधान न होने पर अब कलेक्टर जबलपुर को भी आवेदन सौंपा गया है।
किसानों का आरोप है कि नपाई के दौरान भी गड़बड़ी की गई। पहले जिस स्थान की नपाई होनी थी, वह कहीं और कर दी गई। जब आपत्ति दर्ज की गई तो कब्जाधारी खुलेआम यह कहते नजर आए कि “यह मेरी जमीन है, किसी को निकलने नहीं दूंगा।”
प्रार्थियों ने कलेक्टर महोदय से मांग की है कि किसी वरिष्ठ अधिकारी की उपस्थिति में निष्पक्ष नपाई कराई जाए, ताकि सच्चाई सामने आ सके और किसानों को उनका वैधानिक रास्ता वापस मिल सके।
किसानों का कहना है कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो वे मजबूरन आंदोलन का रास्ता अपनाएंगे। अब सबकी निगाहें जिला प्रशासन पर टिकी हैं कि शासकीय जमीन को कब्जा मुक्त कर किसानों को न्याय कब मिलेगा।




