सोशल मीडिया पर अपशब्दों और अभद्र भाषा के खिलाफ नरसिंहपुर पुलिस ने जो मिसाल पेश की है, वह काबिले-तारीफ है।
नरसिंहपुर
पुलिस अधीक्षक डॉ. ऋषिकेश मीणा के नेतृत्व में वायरल वीडियो सामने आने के महज 1 से 2 घंटे के भीतर ही अपशब्द कहने वाले रीलबाजों को गिरफ्तार कर लिया गया। इतना ही नहीं, पुलिस ने ससम्मान उनका जुलूस निकालकर यह साफ संदेश दे दिया कि कानून का मजाक उड़ाने वालों के लिए नरसिंहपुर में कोई जगह नहीं है।
पुलिस कप्तान डॉ. ऋषिकेश मीणा ने स्पष्ट शब्दों में कहा है कि भविष्य में भी यदि कोई व्यक्ति सोशल मीडिया के माध्यम से किसी की सार्वजनिक बेइज्जती करता है, झूठे आरोप लगाता है, गाली-गलौज या अभद्र भाषा का प्रयोग करता है, तो उसके खिलाफ भी इसी तरह कठोर और त्वरित कार्रवाई की जाएगी।
इस कार्रवाई से आम नागरिकों में पुलिस के प्रति विश्वास और सुरक्षा की भावना मजबूत हुई है। लोगों का कहना है कि नरसिंहपुर पुलिस ने यह साबित कर दिया है कि कानून सभी के लिए समान है और सोशल मीडिया की आड़ में अशोभनीय हरकतें करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। जिले में पुलिस की इस सख्त और संवेदनशील कार्यशैली की हर तरफ सराहना हो रही है।




