सीईओ ढीमरखेड़ा ने समीक्षा बैठक में ग्राम पंचायत सचिवों को दिए निर्देश
कटनी
कलेक्टर सर द्वारा प्रति सप्ताह आयोजित होने वाली समय सीमा की बैठक में ई-केवाईसी कार्य को शत प्रतिशत पूर्ण कराए जाने के निर्देश दिए जा रहे हैं। आप लोगों को विगत तीन माह से नोटिस और बार-बार समझाइश तथा निर्देशित करने के बावजूद वांछित प्रगति नहीं आ रही है। यदि सोमवार तक पांच प्रतिशत की वृद्धि ई-केवाईसी कार्य में नहीं आती है तो वेतन कटौती के साथ, वित्तीय अधिकार की समाप्ति एवं निलंबन प्रस्तावित करने की कार्रवाई की जाएगी। इस आशय के निर्देश जनपद पंचायत ढीमरखेड़ा के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री युजवेंद्र कोरी ने मंगल भवन में आयोजित समीक्षा बैठक में न्यूनतम प्रगति वाली ग्राम पंचायतों के सचिव, ग्राम रोजगार सहायक एवं नोडल अधिकारियों को दिए। उन्होंने यह भी कहा कि 95 प्रतिशत से अधिक ई-केवायसी कार्य करने वाली ग्राम पंचायतों को आगामी 26 जनवरी को प्रशंसा पत्र प्रदान कर पुरस्कृत और सम्मानित किया जाएगा। समीक्षा करते हुए जनपद सीईओ श्री कोरी ने संबल योजना के अंतर्गत ग्राम पंचायत स्तर पर लंबित पंजीयन एवं न्यूनतम लेबर बजट वाली 10 ग्राम पंचायतों के सचिव, रोजगार सहायकों और उपयंत्रियों को कारण बताओ सूचना पत्र जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने यह भी कहा कि वित्तीय वर्ष में लक्ष्य पूर्ति नहीं होने पर जिला पंचायत को अनुशासनात्मक कार्रवाई प्रस्तावित की जाएगी। इस दौरान उन्होंने मनरेगा, सीएम हेल्पलाइन में प्राप्त शिकायत, नल जल योजना के हस्तांतरण की कार्रवाई, प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण की पूर्णता, स्वच्छ भारत अभियान एवं अन्य योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली और समीक्षा कर लक्ष्य के अनुसार प्रगति लाने हेतु निर्देश दिए। समीक्षा बैठक में योजना प्रभारी, ग्राम पंचायतों के सचिव,रोजगार सहायक एवं अन्य अधिकारी कर्मचारी मौजूद रहे।




