हार्ट अटैक पीड़ित को नहीं मिली समय पर मदद, ड्राइवरों की लापरवाही उजागर
मझौली जबलपुर
मझौली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में एक बार फिर 108 एंबुलेंस सेवा की गंभीर लापरवाही सामने आई है। जानकारी के अनुसार नंदग्राम बूथ क्रमांक 193 के अध्यक्ष कैलाश पटैल को अचानक हार्ट अटैक आने पर परिजनों द्वारा तत्काल 108 एंबुलेंस सेवा को सूचना दी गई, लेकिन लंबे इंतजार के बावजूद एंबुलेंस मौके पर नहीं पहुंची।
बताया जा रहा है कि मरीज की हालत लगातार बिगड़ती रही, जिससे परिजन और ग्रामीण भय व आक्रोश में आ गए। मजबूरन परिजनों को मरीज को निजी साधन से उपचार हेतु ले जाना पड़ा, जिससे उसकी जान जोखिम में पड़ गई।
स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि मझौली में 108 ड्राइवरों की मनमानी और गैर-जिम्मेदाराना रवैया पहले भी सामने आ चुका है, लेकिन इसके बावजूद स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। लोगों ने दोषी ड्राइवरों पर कड़ी कार्रवाई 108 सेवा की कार्यप्रणाली की जांच और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सख्त निगरानी व्यवस्था की मांग की है।




