कलेक्टर कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई में आज शहरी और ग्रामीण क्षेत्र से आये लोगों ने अपने विभिन्न समस्याओं को लेकर 147 आवेदन दिये।
जबलपुर
जिसमें 109 नये आवेदन हैं तथा 38 ऐसे आवेदन है जो पूर्व में भी आ चुके थे। कलेक्टर श्री दीपक सक्सेना ने आज पूर्व में प्राप्त आवेदनों की सुनवाई की और संबंधित अधिकारियों को उनके निराकरण के निर्देश दिये। जिनमें मुख्य रूप से सरकारी जमीन में अवैध कब्जा कर मंदिर निर्माण करना, टेंट के भुगतान, पल्लेदारी का भुगतान, पेंशन प्रकरण का निराकरण करने, अतिक्रमण हटाने, नामांतरण प्रक्रिया में विलंब होने, सीमांकन कराने, नाली बनाने में अवरोध उत्पन्न करने, अनुग्रह सहायता आदि 25 आवेदनों की सुनवाई की। इस दौरान अपर कलेक्टर श्री नाथूराम गौड और अन्य अधिकारियों ने जनसुनवाई में आये नागरिकों से उनकी समस्यायें सुनी तथा प्राप्त आवेदनों पर त्वरित कार्यवाही करने को कहा। जनसुनवाई में आये ज्यादातर प्रकरण नामांतरण, सीमांकन, अतिक्रमण, शिक्षा, समग्र आईडी, चिकित्सा सहायता, पेंशन, संबल राशि दिलाने, आवास योजना का लाभ दिलाने, बीपीएल कार्ड बनवाने, निजी भूमि से कब्जा हटवाने, सीमांकन और पारिवारिक विवाद से सबंधित थे। अपर कलेक्टर श्री गौड ने जनसुनवाई में प्राप्त शिकायतों के निराकरण समय सीमा में करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को भी दिये।




