मध्यप्रदेश भ्रमण पर आए केरल के जनप्रतिनिधियों के प्रतिनिधिमंडल ने आज मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से सौजन्य भेंट की।
भोपाल
यह मुलाकात सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई, जिसमें प्रशासनिक अनुभवों, विकास मॉडल और सुशासन से जुड़े विषयों पर सार्थक संवाद हुआ।
भेंट के दौरान नगरीय विकास एवं आवास मंत्री श्री कैलाश विजयवर्गीय भी उपस्थित रहे। प्रतिनिधिमंडल ने मध्यप्रदेश में नगरीय विकास, बुनियादी ढांचे, स्वच्छता, आवास योजनाओं और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की प्रगति की सराहना की।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रतिनिधिमंडल का स्वागत करते हुए कहा कि विभिन्न राज्यों के बीच आपसी संवाद और अनुभवों का आदान-प्रदान देश के समग्र विकास के लिए आवश्यक है। उन्होंने मध्यप्रदेश सरकार की विकासोन्मुखी नीतियों, निवेश अनुकूल वातावरण और नगरीय क्षेत्रों में किए जा रहे नवाचारों की जानकारी साझा की।
केरल से आए जनप्रतिनिधियों ने मध्यप्रदेश भ्रमण को उपयोगी बताते हुए कहा कि यहां अपनाए गए कई नवाचार उनके राज्य के लिए भी प्रेरणादायी हैं। इस सौजन्य भेंट ने अंतरराज्यीय सहयोग और सहयोगात्मक संघवाद की भावना को और मजबूत किया।




