रसोई गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी और अवैध भंडारण पर लगाम लगाने के लिए जिला प्रशासन ने सख्त कदम उठाया है। अब इस तरह की गतिविधियों की सूचना देने वाले लोगों को इनाम देकर प्रोत्साहित किया जाएगा।
जबलपुर
प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार, यदि कोई व्यक्ति गैस सिलेंडरों की ब्लैक मार्केटिंग या अवैध भंडारण की सूचना देता है और वह सही पाई जाती है, तो उसे जप्त किए गए सिलेंडरों की अनुमानित कीमत का 25 प्रतिशत पुरस्कार स्वरूप दिया जाएगा। हालांकि, यह राशि अधिकतम ₹5000 तक सीमित रहेगी।
संयुक्त कलेक्टर ने दी जानकारी
एलपीजी नोडल अधिकारी एवं संयुक्त कलेक्टर पुष्पेंद्र अहाके ने बताया कि वर्तमान वैश्विक परिस्थितियों को देखते हुए गैस सिलेंडरों के दुरुपयोग और कालाबाजारी को रोकना बेहद आवश्यक हो गया है। इसी उद्देश्य से यह प्रोत्साहन योजना शुरू की गई है।
उन्होंने बताया कि जिले में पहले से ही इस तरह के मामलों पर लगातार कार्रवाई की जा रही है और आगे भी सख्ती जारी रहेगी।
गोपनीय रहेगी सूचना देने वाले की पहचान
प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी, ताकि लोग बिना डर के आगे आ सकें।
इन नंबरों पर दें सूचना
गैस सिलेंडर की कालाबाजारी या अवैध भंडारण की जानकारी निम्न माध्यमों से दी जा सकती है:
📞 मोबाइल: 88780 38092 (एलपीजी नोडल अधिकारी)
📞 कंट्रोल रूम: 95843 19092
📲 व्हाट्सएप के माध्यम से भी सूचना दी जा सकती है
जिला प्रशासन की यह पहल कालाबाजारी पर रोक लगाने के साथ ही आम नागरिकों को भी जिम्मेदारी निभाने का अवसर दे रही है। अब देखना होगा कि इस योजना के बाद अवैध गैस कारोबार पर कितनी प्रभावी रोक लग पाती है।




